शिव की फीस बैंक में जमा करके अभी-अभी स्कूल पहुँचा था। काउंटर पर पहुँचते ही मन में थोड़ी राहत थी कि चलो एक काम निपटा। अब स्कूल वालों की कोई औपचारिकता और फॉर्म भरना बाकी था।
काउंटर पर एक नौजवान क्लर्क बैठा था। उसने अपनी कस्टमाइज़्ड कमर्शियल मुस्कान के साथ मुझे कुछ ज़रूरी कागज़ातों की सूची थमाई। मैं कागज़ देखने ही वाला था कि तभी अंदर से एक महिला स्टाफ की आवाज़ आई और क्लर्क साहब अपनी मुस्कुराती दुकान वहीं छोड़कर तुरंत उठ खड़े हुए।
वैसे आजकल प्राइवेट स्कूलों और कंपनियों में उम्रदराज लोगों की जगह ऐसे ही जवान चेहरों का बोलबाला है। वजह साफ़ है—कम तनख्वाह में ज़्यादा भाग-दौड़ और बिना सवाल किए काम करने वाली 'एनर्जी'।
थोड़ी देर में वही क्लर्क हाथ में एक मोटा-सा रजिस्टर दबाए कैंपस में टहलता दिखा और फिर मेरे सामने ही बड़ी बेफिक्री से सीढ़ियाँ चढ़कर ऊपर चला गया। मैं कुर्सी पर बैठा सिर्फ उसका इंतज़ार करता रह गया। आखिर कर भी क्या सकता था?
हम जैसे लोअर मिडिल क्लास के लोगों के 'वक्त' की कीमत ही क्या है? हम पर तो बेबसी का एक ऐसा अदृश्य ठप्पा लगा है जिसकी इस व्यवस्था में रत्ती भर औकात नहीं। समय और इज्जत तो यहाँ सिर्फ 'प्रभावशाली' लोगों की तिजोरी में बंद है। कोई बड़ा अफ़सर आ जाए, बड़ा नेता या फिर कोई नामी माफिया... फिर देखिए, यही अमला उनके आगे-पीछे कैसे बिछ-बिछ जाता है।
मैं इन्हीं कड़वे विचारों में उलझा क्लर्क के लौटने की राह तक रहा था कि तभी लगभग 27-28 साल का एक युवक वहाँ आया। वह अपनी बेटी के दाखिले के सिलसिले में आया था। उसकी बच्ची इसी स्कूल में यूकेजी पास करके पहली कक्षा में पहुँची थी। लेकिन स्कूल प्रशासन की हवस देखिए, उससे पहली क्लास के नाम पर फिर से एक हज़ार रुपए 'एडमिशन फीस' के रूप में माँगे जा रहे थे।
वह युवक गुस्से और लाचारी से तिलमिलाता हुआ मेरे पास आकर बुदबुदाने लगा।
मैंने उसकी तरफ देखा और एक ठंडी सांस खींचकर बस इतना कहा, "भाई साहब, परेशान मत होइए, यही इस सिस्टम की रीत है।"
वह क्षुब्ध होकर बोले जा रहा था, "हद है! दो साल से बच्ची इसी स्कूल में पढ़ रही है, सारे मास्टर पहचानते हैं, फिर भी हर साल नया एडमिशन? हर साल एक हज़ार रुपए की लूट?"
उसका दर्द देखकर मुझे ठीक दस साल पुराना अपना वो दिन याद आ गया, जब शिव यूकेजी से पहली में गया था और मेरे साथ भी यही डाका डाला गया था। अपने अतीत की उस बेबसी को आज किसी और के चेहरे पर दोहराते देख मैं बस फीकी हँसी हँस दिया।
सच है, जिंदगी कभी-कभी हमें अतीत का ऐसा आईना दिखा देती है जहाँ चेहरे बदल जाते हैं, पर बेबसी का रंग वही रहता है।
इस देश में प्राइवेट स्कूलों की गुंडागर्दी और लूट पर कोई अंकुश नहीं है। समझ नहीं आता कि सरकारें इनके गिरेबान पर हाथ डालने से इतना कतराती क्यों हैं? मेरे एक दोस्त का अक्सर कहना होता है कि देश के ज़्यादातर बड़े प्राइवेट स्कूल इन्हीं बड़े-बड़े नेताओं और मठाधीशों की काली कमाई के ठिकाने हैं। आज जब उस युवक को और खुद को देखता हूँ, तो लगता है कि मेरा दोस्त बिल्कुल सच कहता था।
यहाँ हर अमीर दिन-दूना रात-चौगुना और अमीर होता जा रहा है, और आम आदमी के लिए दो वक्त की दाल-रोटी का जुगाड़ करना भी किसी जंग से कम नहीं।
सरकारें बदलती हैं, झंडे बदलते हैं, वादे बदलते हैं... पर गरीब की तकदीर का पन्ना कभी नहीं बदलता। कल तक जो छुटभैया नेता साइकिल का पैडल मारते थकते थे, वे चुनाव जीतते ही रातों-रात चमचमाती बड़ी-बड़ी एसयूवी गाड़ियों में फर्राटे भरने लगते हैं। विधायक और मंत्री बनते ही आलीशान बंगले और करोड़ों की बेहिसाब संपत्ति ऐसे प्रकट हो जाती है जैसे कोई जादू का खेल हो।
इनकम टैक्स, सीबीआई और विजिलेंस जैसी बड़ी-बड़ी एजेंसियाँ दिन-रात देश से 'भ्रष्टाचार मिटाने' का खोखला ढिंढोरा पीटती हैं, पर ताज्जुब की बात यह है कि इन सफ़ेदपोश डाकुओं की तरफ कभी कोई जाँच एजेंसी मुड़कर भी नहीं देखती।
शायद इसी को कहते हैं—'सैयां भए कोतवाल, अब डर काहे का!' और इस कोतवाली के चक्रव्यूह में पिसने के लिए हम और आप जैसे आम लोग तो हैं ही।