Tuesday, March 10, 2020

असुर

*असुर*

हाइली रिकमंडेड सीरीज, रात की इस घड़ी रिव्यु लिखने की कोई तुक तो नहीं, पर मुझे एक वरदान है कि मैं किताब पढ़ के और मूवी देख के भूल जाता हूं, पर कभी जरूरत पड़ जाए तो उसे रिकवर भी कर लेता हूँ । आप कहेंगे इसमें वरदान क्या है ? ये तो आप भुलक्कड़ हुए महाराज । पर यही तो आनंद है, जब भी दुबारा पढ़ो या देखो, नया सा लगता है । ख़ैर मैं यहां आया हूँ वूट की वेबसीरीज असुर का रिव्यु आपके सामने रखने, तो साहबान काफी अच्छी सीरीज है, जरूर देखें ।

सीरीज का खलनायक शुभ नामक एक ब्राम्हण है जो बनारस का रहने वाला है । उसके पिता उसका जन्म कुछ ऐसे प्लान करना चाहते हैं जिससे वो शुभ मुहूर्त में पैदा हो और देवताओं की तरह गुण और ओज लेकर पैदा हो । पर समय को कौन बांध सका है, होनी को कुछ और मंजूर होता है, बालक निश्चित तिथि से दो दिन पूर्व, मां के साथ हुई एक दुर्घटना के कारण, जन्म ले लेता है । और ग्रह नक्षत्रों की स्थिति के अनुसार ये वो नक्षत्र स्थिति होती है जिसमें असुर का जन्म होता है । दुर्घटना में मां की मृत्यु हो जाती है जिसका दोष, पिता अपनी नवजात संतान को देता है और उसे असुर कह कर पुकारता है । बालक अपने दादा जी की छत्रछाया में और पिता की गालियों, नफरत के बीच बड़ा होता है । बालक का iq लेवल बहुत हाई, 139 होता है, जिसकी वजह से वो किसी भी किताब को मात्र देखने भर से याद कर लेता है । पिता से त्रस्त बालक एक दिन अपने तेज़ दिमाग का फायदा उठा कर पिता का ऐसे कत्ल करता है कि सब उसे दुर्घटना मान लेते हैं, सिवाए उस समय वहां हाजिर cbi अफसर धनंजय (अरशद वारसी) के । धनंजय, शुभ के भीतर छिपे होमिसिडल मैनियाक को पहचान लेता है और सबूतों में हेरफेर करके, बालक को 18 साल का बता कर, उसे जेल भिजवा देता है । 

यही बालक, जेल में आग लगा कर भाग जाता है, और करने लगता है परफेक्ट कत्ल, जिसका कोई सुराग cbi को नहीं मिलता । बातें बहुत सी हैं, मैं सब बता भी सकता हूँ, पर इससे आपका मजा जाता रहेगा, अभी ही मैंने कई राज खोल दिए हैं, जो सीरीज में धीरे-धीरे सामने आते हैं ।

सीरीज में कुछ विरोधाभास भी हैं, जैसे मैं पहले एपिसोड में ही जान गया था कि हत्यारा अकेला नहीं, कम से कम 2 लोग इन्वॉल्व हैं । यही बात हीरो अरशद वारसी को 5वें एपिसोड में समझ आती है, वो भी किसी और के सुझाए । ऐसी ही कुछ बातें हैं, जो मैं यहां नहीं लिखना चाहता, और कल मुझसे पूछेंगे तो शायद मैं भूल भी चुका होऊंगा । बहरहाल, सारे सवालों के जवाब देखने के लिए आप देखिए वूट की वेबसीरीज *असुर* 

1 comment:

  1. हमने देखी है। 8 एपिसोड के बाद नए एपिसोड की प्रतीक्षा है।

    ReplyDelete

हर पल तेरा

हर पल तेरा इंतजार है, मानो या न मानो, तुम्हें मुझसे प्यार है। दिन बदलते हैं, मौसम बदलते हैं, लेकिन जो न बदले, वो तेरा प्यार है। ऐ हसीन, गुल ...